महाकुंभ मेले और खिचड़ी मेले को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा कड़ी, भारत - नेपाल के उच्च अधिकारियों के साथ हुई अहम बैठक
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 10 Jan, 2025
- 88
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज, 10 जनवरी। प्रयागराज में 13 जनवरी से शुरू हो रहे महाकुंभ और गोरखपुर के प्रसिद्ध खिचड़ी मेले को लेकर सुरक्षा तैयारियां तेज हो गई हैं। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एडीजी गोरखपुर जोन डॉ के.एस. प्रताप, कमिश्नर अनिल ढींगरा और डीआईजी गोरखपुर आनंद कुलकर्णी ने सोनौली बॉर्डर का निरीक्षण किया। उन्होंने नेपाल प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर मेले के दौरान सीमा की सुरक्षा को चाक-चौबंद बनाए रखने और यात्रियों के सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए समन्वय पर जोर दिया।
बैठक में एडीजी ने एसएसबी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमा पर सघन जांच, संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग और सीसीटीवी व ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। साथ ही, पगडंडियों और अंदरूनी मार्गों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने भारत और नेपाल के खुफिया तंत्र को सक्रिय करने और नियमित रूप से सूचनाओं का आदान-प्रदान करने पर जोर दिया।
एडीजी ने नेपाल के अधिकारियों से सहयोग की अपील की, जिसे नेपाल प्रशासन ने स्वीकार करते हुए मेले को सकुशल संपन्न कराने में हर संभव मदद का आश्वासन दिया। नेपाल प्रशासन ने यह भी भरोसा दिलाया कि वे सीमा पर चेकिंग बढ़ाएंगे, ताकि कोई भी असामाजिक तत्व भारत में प्रवेश न कर सके।
बैठक से पहले जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सभी अधिकारियों का स्वागत किया। बैठक के बाद एडीजी ने नेपाल प्रशासन के अधिकारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पुलिस जवानों ने एडीजी महोदय को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।
मीडिया से बात करते हुए एडीजी ने कहा कि महाकुंभ और खिचड़ी मेले के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए नेपाल प्रशासन के साथ चर्चा की गई है। उन्होंने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर संयुक्त रूप से पेट्रोलिंग और चेकिंग का निर्णय लिया गया है।
इस दौरान बैठक में एसएसबी 22वीं और 66वीं वाहिनी के कमांडेंट, उपायुक्त कस्टम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

